कायाकल्प आयुष अवार्ड में मुंगेली और बिलासपुर के आयुष केंद्रों ने रचा कीर्तिमान

Spread the love



बिलासपुर, 7 फरवरी 2026/
स्वास्थ्य सेवाओं में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालनालय आयुष विभाग, रायपुर द्वारा आयोजित कायाकल्प आयुष अवार्ड समारोह का आयोजन राजधानी रायपुर में किया गया। इस प्रतिष्ठित समारोह में मुंगेली एवं बिलासपुर जिले के आयुष संस्थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी सफलता का परचम लहराया।
कायाकल्प आयुष अवार्ड का मुख्य उद्देश्य आयुष अस्पतालों और औषधालयों में मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करना तथा स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्वास्थ्य वातावरण को प्रोत्साहित करना है।

गरिमामयी उपस्थिति में हुआ सम्मान समारोह

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। उनके साथ स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुष संचालक सुश्री संतन देवी जांगड़े, संयुक्त संचालक सुनील दास, सहायक उप संचालक श्रीमती किरण तिग्गा, उप संचालक श्रीमती ज्योति गजबिये, अरविंद मरावी, सुरेंद्र चंद्राकर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे। स्वास्थ्य मंत्री ने आयुष चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए प्रदेश में आयुष सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की बात कही। वहीं स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुँचाने पर जोर दिया। मुंगेली और बिलासपुर को मिला सम्मान बिलासपुर संभाग अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में आयुष केंद्रों को उनकी उत्कृष्ट स्वच्छता व्यवस्था एवं बेहतर संचालन के लिए पुरस्कृत किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सा एवं थेरेपी सेंटर, मुंगेली को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष, धूमा (बिलासपुर) को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

प्रशासनिक मार्गदर्शन से मिली सफलता
यह उपलब्धि बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों का परिणाम है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव के नेतृत्व में जिले के आयुष केंद्रों ने निर्धारित मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इन चिकित्सकों को मिला विशेष सम्मान

सम्मानित चिकित्सकों में डॉ. प्रगति कौशिक (विशेषज्ञ चिकित्सक, थेरेपी सेंटर, मुंगेली) डॉ. भारती श्रीवास (आयुष चिकित्सा अधिकारी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर धूमा, बिलासपुर) शामिल रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संचालनालय स्तर पर श्री गदाधर पंडा (प्रांताध्यक्ष), श्री गजेंद्र बघेल, श्री अभ्युदय तिवारी एवं श्री परमानंद सोनकर (सहायक संचालक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही श्री सचिन कौशिक, श्री कृष्ण कुमार पांडे, श्री उमेश कौशले, श्री देवेंद्र साहू, श्रीमती वीना बंजारे एवं श्री अश्वनी पटेल ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

प्रोत्साहन राशि से बढ़ेंगी सुविधाएँ
कायाकल्प अवार्ड के अंतर्गत चयनित संस्थानों को प्रशस्ति पत्र के साथ प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। इस राशि का उपयोग अस्पतालों के बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *