चकरभाटा के खूबचंद दरबार में हर्षोल्लास के साथ मनी गुरु नानक जयंती, भजन-कीर्तन के पश्चात हुआ विशाल लंगर का आयोजनचकरभाटा (वार्ड क्रमांक 8): सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व (गुरु नानक जयंती) के शुभ अवसर पर नगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित खूबचंद दरबार में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर दरबार को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत


प्रातःकाल से ही गुरुवाणी पाठ, सुमधुर भजन एवं कीर्तन के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु चरणों में अपनी आस्था प्रकट की।यह संपूर्ण धार्मिक आयोजन पूज्य राजकुमार भाई साहब, संत श्री बलराम भैया (एकादशी वाले) ,रूपचंद भाई साहब तथा पूज्य सिंधी पंचायत एवं पूज्य रियासती पंचायत के पावन सानिध्य में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संतों के सानिध्य में आयोजित भजन-कीर्तन की अमृत वर्षा से संगत भावविभोर हो गई। संतों ने अपने आशीर्वचन में गुरु नानक देव जी के बताए सत्य, प्रेम, सेवा और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कीर्तन की समाप्ति के पश्चात दरबार में अरदास की गई और विश्व शांति तथा समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके उपरांत विशाल लंगर प्रसाद का वितरण प्रारंभ हुआ, जिसमें समाज के हर वर्ग के लोगों ने एक साथ बैठकर पंगत में प्रसादी ग्रहण की।इस गरिमामय धार्मिक आयोजन में सिंधी समाज के प्रमुख पदाधिकारियों सहित नगर के जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष सुरेश फोटानी एवं रियासती पंचायत के अध्यक्ष मनोहर मलघानी उपस्थित रहे। साथ ही पंचायत के वरिष्ठ पदाधिकारी परसराम बत्रा, कुमार मलघानी,लक्ष्मणदास धीरवानी,मोहन कलवानी, प्रकाश जैसवानी, बल्लू आडवानी, अनिल मलघानी, अशोक छाबड़ा, अशोक जोतवानी और दीपक नवलानी ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई।इसी क्रम में नगर की प्रथम नागरिक, नगर पालिका अध्यक्ष नीलम विजय वर्मा, स्थानीय वार्ड पार्षद भावना आशीष खत्री एवं सभापति श्याम आर्य (गुड्डू)एवं महिला विंग की सभी पदाधिकारी भी विशेष रूप से दरबार पहुंचे। इसके अतिरिक्त प्रमुख समाजसेवी किशोर सजनानी, अमित सजनानी, सुनील सजनानी और राम आर्य,विनोद चावला सहित अन्य गणमान्य जनों ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने खूबचंद दरबार में मत्था टेककर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और नगर की खुशहाली की कामना की।कार्यक्रम को सफल बनाने में दरबार के सेवादारों और युवा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने पूरी निष्ठा के साथ लंगर व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सेवा का कार्य संभाला।