Spread the love

*काली माता की सवारी और सस्पेंस पर आधारित छत्तीसगढ़ी फ़िल्म “मोर जहुरिया” 29 मई को होगी रिलीज, कलाकारों ने बिलासपुर प्रेस क्लब में की प्रेसवार्ता और दर्शकों से बड़ी संख्या में फ़िल्म देखने की

अपील*बिलासपुर। छत्तीसगढ़ी फ़िल्म “मोर जहुरिया” के प्रमोशन को लेकर आज रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में फ़िल्म के निर्माता-निर्देशक मनीष मिश्रा, अभिनेता अजय पटेल, अभिनेत्री

शालिनी विश्वकर्मा और अमृता कुशवाहा मौजूद रहे। इस दौरान कलाकारों ने फ़िल्म की कहानी, शूटिंग अनुभव और छत्तीसगढ़ी सिनेमा के बढ़ते दायरे को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही फ़िल्म के ट्रेलर का प्रमोशन भी किया गया।निर्माता-निर्देशक मनीष मिश्रा ने बताया कि “मोर जहुरिया” एक अलग विषय पर आधारित छत्तीसगढ़ी फ़िल्म है, जिसमें गांव की संस्कृति, रहस्य, तंत्र-मंत्र, जादू-टोना, कॉमेडी और प्रेम कहानी का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। फ़िल्म की एक शॉर्ट स्टोरी तखतपुर के एक युवक पर आधारित है, जिसे नवरात्रि के दौरान “काली माता” की सवारी आने की मान्यता से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि दर्शकों को फ़िल्म में मनोरंजन के साथ भावनात्मक और रहस्यमयी पहलू भी देखने को मिलेंगे।अभिनेता अजय पटेल ने कहा कि यह फ़िल्म पूरे छत्तीसगढ़ के मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में 29 मई को रिलीज होने जा रही है। उन्होंने बताया कि फ़िल्म की शूटिंग केवल 15 दिनों में बिलासपुर, मस्तूरी, जयराम नगर और रायपुर सहित कई स्थानों पर पूरी की गई है। फ़िल्म के हिट सॉन्ग की शूटिंग “चिरमिरी” और रायपुर के विशेष लोकेशनों पर की गई है। अजय पटेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ी कलाकारों ने इस फ़िल्म में अपने अभिनय का शानदार प्रदर्शन किया है।अजय पटेल ने अपने फ़िल्मी सफर को साझा करते हुए बताया कि वे अब तक छत्तीसगढ़ी, भोजपुरी और उड़िया भाषा की 74 से अधिक फ़िल्मों और एल्बम में काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर निवासी होने के कारण उनका लगाव छत्तीसगढ़ी फ़िल्मों से हमेशा अधिक रहा है। “मोर जहुरिया” में उन्होंने एक चुनौतीपूर्ण किरदार निभाया है, जिसमें काली माता की सवारी आने से लेकर कई रहस्यमयी और मल्टीपल शेड्स वाले दृश्य शामिल हैं। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने अपनी फ़िल्मों के चर्चित डायलॉग भी सुनाए और दर्शकों से फ़िल्म देखने की अपील की।अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा ने बताया कि यह उनकी तीसरी फ़िल्म है। इससे पहले वे “बिरनपुर फाइल्स” में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि “मोर जहुरिया” उनके करियर की एक अलग और यादगार फ़िल्म साबित होगी। शालिनी ने बताया कि उनका एल्बम सॉन्ग “मोर बर ले देना राजा” दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था और अब उन्हें इस फ़िल्म से भी काफी उम्मीदें हैं।वहीं अभिनेत्री अमृता कुशवाहा ने बताया कि “मोर जहुरिया” उनकी दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले वे “हंडा” में अभिनय कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह फ़िल्म पारिवारिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक सस्पेंस ड्रामा है, जिसमें कई रहस्यमयी किरदार और घटनाएं दर्शकों को अंत तक बांधे रखेंगी। कलाकारों ने संयुक्त रूप से दर्शकों से 29 मई को सिनेमाघरों में पहुंचकर फ़िल्म देखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *