
रीवा 1 मार्च 2026 । वरुण देवता भगवान श्री झूलेलाल जयंती ‘चेट्रीचंड्र’ एवं हिन्दू नववर्ष बड़े हर्षोल्लास से मनाने सिंधी समाज द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। ‘चेट्रीचंड्र’ के इस पावन पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सिंधी समाज के मुखिया, शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष श्री प्रहलाद सिंह ने बताया कि सिंधी समाज की समाजसेवी संस्थाओं श्री झूलेलाल सेवा मंडल, सिंधू यूथ विंग, सिंधू नवयुवक मंडल, सिंधू मेला समिति, श्री झूलेलाल मंदिर सेवा ट्रस्ट एवं श्री झूलेलाल धर्मार्थ प्याऊ समिति द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। 7 मार्च से प्रारंभ होने वाले पूरे 1 मांह तक चलने वाले कार्यक्रमों के बारे में प्रहलाद सिंह ने बताया कि सर्व प्रथम फिल्म फेस्टिवल के तहत सिंधियत और मनोरंजन से भरपूर प्रेरणादायक फिल्मों का प्रदर्शन समदड़िया गोल्ड में होगा । पचमठा धाम में बीहर आरती के साथ-साथ श्री झूलेलाल आरती सिंधी समाज की कुलदेवी हिंगलाज माता की आरती व सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।सिंधू भवन में तीन दिवसीय 18 – 19 व 20 मार्च को भक्तिमय संगीत कार्यक्रम विशेष रुप से रुप-बसंत कटनी का रंगारंग भजन कार्यक्रम एवं 17 मार्च को सामूहिक जनेउ संस्कार । 20 मार्च को स्थानीय तोपखाना से विशाल स्कूटर रैली निकाली जावेगी जो शहर भ्रमण के पश्चात सिंधू भवन श्री झूलेलाल नाम में समाप्त होगी। 19 मार्च को खैरी स्थित श्री झूलेलाल मंदिर व 20 मार्च को सिंधू भवन में आम भंडारा साथ ही हेमू कालाणी चौक पर प्रसाद वितरण होगा । सायंकाल बहराणा साहब व विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी । 25 मार्च को सिंधू भवन में छठी महोत्सव व महिला समिति द्वारा आनंद मेला लगाया जावेगा। कार्यक्रम की अगली कड़ी में कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में 29 व 30 मार्च को मुंबई, इंदौर व राजस्थान से आ रहे ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा संगीत, हास्य, भजन, कलाम और नाट्य की अद्भुत मनमोहक प्रस्तुति के साथ-साथ मातृशक्ति द्वारा विभिन्न प्रकार के स्टाल आनंद मेला के रूप में लगाए जाएंगे।