भोपाल। इन दिनों पूरे देश में सिंधी समाज के इष्ट देव भगवान श्री झूलेलाल का चालिहा महोत्सव धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 40 दिन तक

चलने वाले इस महोत्सव में अनेकों धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। भोपाल के इसरानी मार्केट स्थित राजावीर विक्रमादित्य मंदिर में भी इस महोत्सव को बड़े उत्साह से के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में 1 अगस्त को भगवान झूलेलाल का तीन दिवसीय श्री झूलेलाल ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ आयोजित किया जा रहा है, जिसमे श्रद्धालु बिना रुके 72 घंटे तक लगातार पाठ कर देश में शांति और समृद्धि की प्रार्थना करेंगें। इस विषय पर समिति के अध्यक्ष लखु आनंदानी ने बताया कि चक्कर भाटा के संत सतगुरु साई लालदास साहिब एवं अहमदाबाद के साईं जगदीश लाल जी के आर्शीर्वाद से चालीहा महोत्सव के 17वे दिन

दिनांक 1 अगस्त शनिवार को शाम 5 बजे राजावीर मंदिर परिसर में तीन दिवसीय श्री वरुण अवतार अमरकथा, श्री झूलेलाल भगवान जी का अखंड ग्रंथ पाठ साहिब का आरंभ किया जा रहा है, जो गुजरात के अहमदाबाद स्थित श्री अमर धाम आश्रम से प्रारंभ होकर पूरे विश्व में इसका प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
इस ग्रंथ साहिब का समापन सोमवार 3 अगस्त को संत श्री लाल दास साई जी के सानिध्य में भगवान झूलेलाल की महाआरती, भजन कीर्तन, सत्संग, संतों की मुखवाणी से प्रवचन, अखो, पल्लव साहिब, अरदास एवं भंडारे के साथ इस विशेष आयोजन का समापन होगा। आनंदानी ने कहा कि इस ग्रंथ को भोपाल के सिंधी मंदिरों टिकानों में भी स्थापित किया जाएगा।